भिवानी (हरियाणा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को भिवानी के तोशाम में आयोजित उन्नत सिंचाई उत्सव 2026 एवं विकास व धन्यवाद रैली में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। चौधरी सुरेंद्र सिंह स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने किसानों को समर्पित कई बड़ी घोषणाएं करने के साथ और 107 करोड़ 61 लाख रुपये की 6 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री का संबोधन
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महावीर जयंती की प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भिवानी आकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय चौधरी सुरेंद्र सिंह को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा, “चौधरी सुरेंद्र सिंह जी का पूरा जीवन समाज और जनसेवा के लिए समर्पित रहा।”
उन्होंने इस रैली को उन्नत सिंचाई उत्सव हमारे अन्नदाता किसान भाइयों को समर्पित बताते हुए कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विकास कार्यों पर जोर
सीएम सैनी ने जोर देकर कहा कि तोशाम के विकास में सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा में गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है तथा प्रदेश में गैस पाइपलाइन का विस्तार किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने हर क्षेत्र और हर वर्ग के विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं।
पिछले 11 वर्षों में तोशाम हलके के लिए 283 घोषणाएं की गईं, जिनमें से 258 को पूरा कर दिया गया है। इस हलके में विकास कार्यों पर 1727 करोड़ 54 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
किसानों के लिए सौगातें
28 मार्च से प्रदेश में सरसों की खरीद शुरू कर दी गई है। हरियाणा में 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद की जाती है।बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। भिवानी जिले के 25 हजार युवाओं को नौकरियां मिल चुकी हैं।
तोशाम के लिए बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने बजट में तोशाम के लिए आईएमटी (इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप) की घोषणा की याद दिलाई। इसके अलावा नई घोषणाएं कीं। इसके तहत स्टैंडर्ड ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनाने के लिए 97 करोड़ 96 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे ताकि भूमि उपलब्धता पर सीवरेज सुविधा का बेहतर उपचार हो सके। बीडीपीओ कार्यालय का निर्माण करवाया जाएगा। पंचायत द्वारा दी गई निशुल्क भूमि पर 33 केवी का विद्युत स्टेशन बनाया जाएगा। तोशाम हलके में एक खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। चौधरी सुरेंद्र सिंह खेल स्टेडियम को आधुनिक खेल परिसर में तब्दील किया जाएगा। सब डिवीजन अस्पताल तोशाम को 100 बिस्तर का अस्पताल बनाया जाएगा। अनाज मंडी में फर्श, शेड और अन्य मरम्मत कार्य पूरे करवाए जाएंगे। हल्के की 6 सड़कों की मरम्मत और रखरखाव के लिए 11 करोड़ रुपये जारी किए गए। पीडब्ल्यूडी की 19 सड़कों के चौड़ीकरण और मरम्मत पर 56 करोड़ 40 लाख रुपये खर्च होंगे।
- 95 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से 170.86 किलोमीटर लंबी 42 सड़कों की विशेष मरम्मत करवाई जाएगी।
- खेतों तक जाने वाले 25 किलोमीटर कच्चे रास्तों को पक्का किया जाएगा।
- तोशाम हलके के गांवों के विकास के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ये सभी कार्य तोशाम और भिवानी क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देंगे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।