प्रधानमंत्री मोदी ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का किया उद्घाटन, जानें क्या है खासियत

Noida International Airport: (नोएडा): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर में विकसित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के प्रथम चरण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री के राम मोहन नायडू सहित कई अन्य नेता उपस्थित थे।

11,200 करोड़ रुपये का निवेश

प्रधानमंत्री मोदी ने लगभग 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से बने हवाई अड्डे के प्रथम चरण और कार्गो हब का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर फिरोजाबाद में बनी कांच की गौतम बुद्ध की प्रतिमा प्रधानमंत्री को स्मृतिचिन्ह के रूप में भेंट की।

स्थानीय जनता में उत्साह

जेवर के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) दुर्गेश सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम में 1.5 लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना है। आसपास के जिलों जैसे हापुड़, बुलंदशहर और गाज़ियाबाद से आने वाले लोगों के लिए ‘कलर कोडिंग’ व्यवस्था की गई है। स्थानीय लोगों में हवाई अड्डे को लेकर उत्साह और रोजगार की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

हवाई अड्डे की विशेषताएं

अधिकारिक बयान के अनुसार, हवाई अड्डा सड़क, रेल, मेट्रो और क्षेत्रीय परिवहन से जुड़ा बहु-मॉडल केंद्र है। इसमें बहु-मॉडल कार्गो हब भी शामिल है, जिसकी वार्षिक क्षमता 2.5 लाख मीट्रिक टन है और इसे 18 लाख मीट्रिक टन तक बढ़ाया जा सकता है। प्रारंभिक यात्री क्षमता 1.2 करोड़ प्रतिवर्ष है, जिसे सात करोड़ तक बढ़ाया जा सकेगा।

वैश्विक विमानन केंद्र की दिशा में बड़ा कदम

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, दिल्ली एनसीआर के लिए दूसरा अंतरराष्ट्रीय प्रवेश द्वार है और यह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा का पूरक बनेगा। दोनों हवाई अड्डे एकीकृत विमानन प्रणाली के तहत कार्य करेंगे, जिससे यात्री क्षमता बढ़ेगी और दिल्ली एनसीआर को वैश्विक विमानन केंद्रों में अग्रणी स्थान प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री का संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश के विकास का ‘रनवे’ है। यहां से युवाओं के सपने उड़ान भरेंगे, संभावनाएं साकार होंगी और भविष्य नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने किसानों और श्रमिकों के योगदान को विशेष रूप से सराहा और प्रदेश वासियों की ओर से प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *