Delhi Assembly Bomb Threat: (नई दिल्ली): दिल्ली विधानसभा को लगातार तीसरे दिन बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। बृहस्पतिवार को एक बार फिर धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मामले की जानकारी तुरंत पुलिस आयुक्त को दी गई।विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सदन में बताया कि 24 मार्च से 26 मार्च के बीच कई धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए हैं। इन ईमेल्स की जांच के लिए पुलिस अधिकारी शुक्रवार को विधानसभा पहुंचे और पूरे मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है।
ईमेल से मिली धमकियां, जांच तेज
अध्यक्ष ने बताया कि कुछ ईमेल अलग-अलग संगठनों द्वारा व्यक्तिगत रूप से उन्हें भेजे गए हैं। उन्होंने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए पुलिस से जांच में कोई ढिलाई न बरतने का अनुरोध किया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई
लगातार मिल रही धमकियों के मद्देनजर विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। परिसर में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी बढ़ाई गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
प्रवेश व्यवस्था में किया बदलाव
विधानसभा सचिवालय को निर्देश दिया गया है कि परिसर में कंप्यूटरीकृत प्रवेश प्रणाली लागू की जाए, ताकि आने-जाने वाले लोगों का पूरा रिकॉर्ड रखा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस घटनाक्रम के बाद राजधानी में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, हालांकि पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच तेजी से की जा रही है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पूरी तैयारी है।