CM रेखा गुप्ता ने दुर्गा अष्टमी पर किया कन्या पूजन, 1100 बेटियों को दिया मुफ्त साइकिल

नई दिल्ली: दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग के सर्वोदय विद्यालय में कन्या पूजन किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। इस पहल का उद्देश्य बेटियों का सम्मान करना और उनकी शिक्षा में आने वाली बाधाओं को कम करना है।

बेटियों का सम्मान और सशक्तिकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां घर की रोशनी हैं, संस्कारों की धारा हैं और भविष्य की सबसे सुंदर आशा हैं। “उनकी मुस्कान में ही ईश्वर का आशीर्वाद झलकता है। मां के रूप में इन कन्याओं का पूजन केवल परंपरा नहीं है, बल्कि यह स्मरण है कि जहां बेटियों का सम्मान होता है, वहीं सच्ची समृद्धि का वास होता है। गुप्ता ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी उम्मीदों और महत्वाकांक्षाओं को सुना और उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और सुरक्षा में मदद करने के लिए यह पहल बहुत महत्वपूर्ण है।

स्कूल आने-जाने में आसान सफर

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 1100 बेटियों को साइकिलें प्रदान कीं। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने इस वर्ष के बजट में सरकारी स्कूलों की नौवीं कक्षा की लगभग 1,30,000 छात्राओं को मुफ्त साइकिल देने का प्रावधान किया है। इससे छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी, पढ़ाई बीच में छोड़ने की दर कम होगी और माता-पिता की चिंता भी घटेगी।

बेटियों की उड़ान से होगा उज्ज्वल भविष्य

गुप्ता ने कहा, “दिल्ली का भविष्य इन बेटियों की उड़ान से ही उज्ज्वल होगा। मां दुर्गा से हमारी प्रार्थना है कि हर बेटी सशक्त बने, हर घर में सुख-समृद्धि आए और यह भक्ति और शक्ति का संगम सदैव बना रहे। इस योजना से छात्राओं को सुरक्षित स्कूल जीवन, शिक्षा में सुविधा और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बेटियों को प्रेरित किया कि वे अपने सपनों को पूरा करें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाएँ। जय माता दी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *