नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद कहा कि भारत पश्चिम एशिया में जल्द से जल्द तनाव कम करने और शांति बहाल करने का समर्थन करता है। बातचीत में दोनों नेताओं ने वैश्विक पोत परिवहन के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित रखने पर ध्यान केंद्रित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “होर्मुज जलडमरूमध्य का खुला, सुरक्षित और सुलभ रहना पूरी दुनिया के लिए आवश्यक है। हमने शांति और स्थिरता के प्रयासों के संबंध में संपर्क में रहने पर सहमति व्यक्त की।”
अमेरिकी दूत का बयान
इस बातचीत के संबंध में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि दोनों नेताओं ने महत्वपूर्ण पोत परिवहन मार्ग को खुला रखने के महत्व पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने का महत्व भी शामिल है।”
ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत
ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि उन्होंने ईरान के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की समयसीमा पांच दिन बढ़ा दी है और ईरानी ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमलों को पांच दिन के लिए स्थगित किया है। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में संघर्ष के “पूर्ण और समग्र समाधान” के लिए सार्थक बातचीत हुई। होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित एक महत्वपूर्ण समुद्री परिवहन मार्ग है, जिसके खुला और सुरक्षित रहना वैश्विक व्यापार के लिए अहम माना जाता है।