नई दिल्ली: नरेन्द्र मोदी ने विश्व जल दिवस के अवसर पर देशवासियों से पानी की एक-एक बूंद के संरक्षण और उसके जिम्मेदार उपयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल आज की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पानी एक आवश्यक जीवन तत्व है, जो न केवल मानव जीवन को बनाए रखता है बल्कि पृथ्वी के समग्र पारिस्थितिकी तंत्र को भी संतुलित करता है। उन्होंने लोगों से जल के महत्व को समझने और इसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “पानी हमें जीवन देता है और हमारे ग्रह के भविष्य को आकार देता है। विश्व जल दिवस के अवसर पर आइए हम एक-एक बूंद पानी के संरक्षण और उसके जिम्मेदार उपयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराएं। पीएम मोदी ने कहा कि यह दिन उन लोगों की सराहना करने का भी अवसर है, जो सतत जल प्रबंधन के तरीकों को अपनाते हैं, समाज में जागरूकता फैलाते हैं और जल संरक्षण की संस्कृति को मजबूत करते हैं।
संयुक्त राष्ट्र का क्या है लक्ष्य
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, विश्व जल दिवस का एक प्रमुख उद्देश्य सतत विकास लक्ष्य-6 को हासिल करना है, जिसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक सभी के लिए स्वच्छ पानी और स्वच्छता की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
संयुक्त राष्ट्र ने यह भी कहा कि 2026 के विश्व जल दिवस अभियान में परिवर्तनकारी और अधिकार-आधारित दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया गया है, जिसमें विशेष रूप से महिलाओं को जल संबंधी निर्णयों में समान भागीदारी, नेतृत्व और अवसर प्रदान करने की आवश्यकता बताई गई है।