नई दिल्ली: की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और राष्ट्रीय राजधानी के सर्वांगीण विकास पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए संदेश में कहा, “माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी से आत्मीय भेंट कर उनका मूल्यवान मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दिल्ली के प्रति विशेष स्नेह से हमें हमेशा नई ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है।” उन्होंने बताया कि इस भेंट के दौरान दिल्ली के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे की मजबूती, स्मार्ट सिटी योजनाओं और जन-आकांक्षाओं की पूर्ति के संकल्प पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा, “माननीय प्रधानमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन और सतत् सहयोग से हम अपनी दिल्ली को प्रगति, समृद्धि और सुशासन की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। सतत प्रेरणा और अपना बहुमूल्य समय देने के लिए मैं प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ।”
पीएमओ ने भी पुष्टि की
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट के माध्यम से इस मुलाकात की पुष्टि की। पीएमओ ने कहा, “दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और राजधानी के विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।”
मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि दिल्ली के बुनियादी ढांचे, परिवहन, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल जल्द ही शुरू की जाएगी। इस भेंट से दोनों स्तरों पर सहयोग और नीति निर्माण में और गति आने की उम्मीद जताई गई है।