नई दिल्ली: डाक विभाग ने त्वरित और समयबद्ध पार्सल डिलिवरी को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को तीन नई प्रीमियम सेवाओं की शुरुआत की। इन सेवाओं के तहत अब 24 घंटे और 48 घंटे के भीतर डिलिवरी की गारंटी दी जाएगी। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ‘24 स्पीड पोस्ट’, ‘24 स्पीड पोस्ट पार्सल’ और ‘48 स्पीड पोस्ट’ सेवाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह पहल इंडिया पोस्ट के लिए एक नए दौर की शुरुआत है और इससे पार्सल सेवाओं को नया आयाम मिलेगा।
कहां-कहां शुरू हुई सेवा
प्रारंभिक चरण में यह सेवाएं दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों में शुरू की गई हैं। सरकार का लक्ष्य मार्च 2027 तक इसे पूरे देश में लागू करना है।
डिलिवरी के लिए खास व्यवस्था
निर्धारित समयसीमा को पूरा करने के लिए विभाग प्राथमिकता आधारित हवाई परिवहन का उपयोग करेगा। इससे पार्सल की तेज और भरोसेमंद डिलिवरी सुनिश्चित की जाएगी।
आधुनिक सुविधाएं शामिल
नई सेवाओं में ग्राहकों को कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जैसे:
ओटीपी आधारित डिलिवरी सत्यापन
एंड-टू-एंड ट्रैकिंग
रियल टाइम एसएमएस अलर्ट
व्यवसायों के लिए “अभी बुक करें, बाद में भुगतान करें” सुविधा
एपीआई इंटीग्रेशन और केंद्रीकृत बिलिंग
व्यापार और ई-कॉमर्स पर फोकस
सिंधिया ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के 11 महीनों में इंडिया पोस्ट ने 20% राजस्व वृद्धि दर्ज की है, जबकि पार्सल कारोबार में 44% से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स बाजार 2030 तक 30 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है, जो वर्तमान के 11 लाख करोड़ रुपये से लगभग तीन गुना है।
ग्राहकों को अतिरिक्त लाभ
थोक पार्सल भेजने वालों के लिए मुफ्त पिकअप की सुविधा दी जाएगी। साथ ही, निर्धारित समय में डिलिवरी न होने पर धनवापसी की गारंटी भी दी जाएगी।