Assam Development Projects:(गुवाहाटी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को असम के कोकराझार जिले में 4,570 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की डिजिटल माध्यम से शुरुआत की। भारी बारिश के कारण उनका कोकराझार दौरा रद्द हो गया, जिसके बाद उन्होंने गुवाहाटी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
तीन नई एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री ने तीन नई रेलगाड़ियों कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन ट्रेनों से पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। पीएम मोदी ने कोकराझार जिले के बाशबारी में रेलवे की आवधिक ‘ओवरहालिंग’ (पीओएच) कार्यशाला की आधारशिला भी रखी। इस परियोजना का उद्देश्य रेलवे रखरखाव को मजबूत करना और परिचालन दक्षता बढ़ाना है।
असम माला 3.0’ का भूमि पूजन
प्रधानमंत्री ने ‘असम माला 3.0’ योजना के भूमि पूजन में भी डिजिटल रूप से हिस्सा लिया। इस योजना के तहत 900 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे अंतरराज्यीय संपर्क में सुधार होगा और राष्ट्रीय राजमार्गों तथा ग्रामीण सड़कों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
फ्लाईओवर और पुलों का होगा निर्माण
उन्होंने बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) क्षेत्र में लगभग 1,100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले चार फ्लाईओवर और दो पुलों के निर्माण के लिए भी भूमि पूजन किया। अधिकारियों के अनुसार इन परियोजनाओं से कोकराझार जिले में यातायात सुगम होगा और कनेक्टिविटी, पर्यटन, कृषि तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में सुधार होगा। असम में विधानसभा चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है, जिसमें सत्तारूढ़ भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है।