गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 मार्च को असम की बराक घाटी का दौरा करेंगे और 22,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गुवाहाटी-सिलचर एक्सप्रेसवे का शिलान्यास करेंगे।
गुवाहाटी-सिलचर एक्सप्रेसवे से सफर होगा आधा
मुख्यमंत्री ने सिलचर में संवाददाताओं को बताया कि इस एक्सप्रेसवे के बन जाने से गुवाहाटी और सिलचर के बीच का यात्रा समय मौजूदा आठ घंटे से घटकर साढ़े चार घंटे हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वन्यजीव बोर्ड से भी मंजूरी मिल गई है। शर्मा ने कहा, “भूमि अधिग्रहण का कार्य भी अच्छी तरह से आगे बढ़ चुका है और सड़क निर्माण जल्द ही शुरू होगा।” उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के दौरान सिलचर फ्लाईओवर का भी उद्घाटन करेंगे।
ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे की प्रक्रिया
उन्होंने सिलचर में प्रस्तावित ‘ग्रीनफील्ड’ हवाई अड्डे के बारे में भी जानकारी दी। सीएम शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार को इसके लिए पर्यावरण संबंधी मंजूरी मिल गई है। अब राज्य मंत्रिमंडल से मंजूरी की जरूरत है समय कम है लेकिन मार्च तक प्रक्रिया शुरू करने की कोशिश करेंगे; अगर संभव नहीं हुआ तो विधानसभा चुनाव के बाद प्रक्रिया पूरी होगी। शर्मा ने यह भी संकेत दिया कि प्रधानमंत्री के दौरे के बाद भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा की जा सकती है। असम में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिससे यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।