नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कृत्रिम मेधा (AI)और गहन प्रौद्योगिकी (डीपटेक) स्टार्टअप के सीईओ और संस्थापकों के साथ गोलमेज चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने सात द्विपक्षीय बैठकों और दो दिग्गज कंपनियों के प्रमुखों के साथ भी मुलाकात की।
गोलमेज चर्चा में एआई और डीपटेक पर फोकस
प्रधानमंत्री मोदी ने 16 एआई और डीपटेक कंपनियों के प्रमुखों के साथ कृषि, पर्यावरण संरक्षण और मातृभाषा में उच्च शिक्षा जैसे क्षेत्रों में एआई के उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। अधिकारियों के अनुसार, कंपनियों ने अपने किए गए कामों का ब्योरा भी साझा किया। यह बैठक भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के हिस्से के रूप में हुई।
द्विपक्षीय बैठकें और वैश्विक सहयोग
पीएम मोदी ने चार देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके, स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी, लिश्टेंस्टाइन के राजकुमार एलोइस और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ आर्थिक सहयोग, नवाचार, डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में साझेदारी पर चर्चा हुई।
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव से मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से भी मुलाकात की। बैठक में एआई को सर्व-समावेशी बनाने और इसे वैश्विक स्तर पर बेहतर उपयोग में लाने के प्रयासों में संयुक्त राष्ट्र की भूमिका पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ऐसे प्रयासों का समर्थन करता है जो एआई के माध्यम से दुनिया को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखते हैं।