अमित शाह ने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला, कहा- सीमाएं खुली छोड़ने से असम में बढ़ी घुसपैठ

नाथनपुर (असम): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर अपने शासनकाल में देश की सीमाएं खुली छोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी कारण असम में घुसपैठ की समस्या बढ़ी। कछार जिले में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि राज्य में हिमंत बिस्वा शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने घुसपैठ की समस्या का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया है।

‘कांग्रेस ने विकास पर नहीं दिया ध्यान ’

शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में राज्य में कोई ठोस विकास कार्यक्रम शुरू नहीं किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के दौरान बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है और अब प्रतिदिन 14 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जा रहा है, जो देश में सर्वाधिक है। गृह मंत्री ने कछार जिले से ‘जीवंत ग्राम कार्यक्रम’ (वीवीपी) के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस चरण में देश के 15 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों का विकास पीएम मोदी की प्राथमिकताओं में शामिल है और यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पलायन और घुसपैठ रोकने पर जोर

अमित शाह ने कहा कि सीमावर्ती गांवों से पलायन रोकने और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के जरिए होने वाली घुसपैठ पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि वीवीपी के दूसरे चरण में 6,900 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और देशभर के 1,954 गांवों को इसका लाभ मिलेगा। पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार ने असम के विकास को सुनिश्चित किया है और अगले पांच वर्षों में राज्य को बाढ़ मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *