AI Impact Summit 2026: नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज भारत मंडपम में ‘इंडिया एआई इंपैक्ट लीडरशिप समिट 2026’ का उद्घाटन किया और समिट में मौजूद वैश्विक नेताओं, टेक लीडर्स और प्रतिनिधियों का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी और सबसे बड़े टेक टैलेंट पूल का देश है और नई तकनीक के प्रति उत्सुक 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से सभी का आभार व्यक्त किया।
आने वाली पीढ़ी के लिए AI का भविष्य
पीएम मोदी ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी के साथ हमें यह भी ध्यान रखना है कि आने वाली पीढ़ी के लिए हम एआई का क्या स्वरूप छोड़कर जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर AI का गलत इस्तेमाल हुआ या यह दिशाहीन हो गया, तो यह रुकावट बन सकती है, जबकि सही इस्तेमाल से यह समाधान बन सकती है। मोदी ने कहा कि AI में इंसान सिर्फ डेटा पॉइंट या रॉ मैटीरियल न बने, बल्कि इसे इंक्लूजन और एंपावरमेंट का साधन बनाया जाए।
पीएम मोदी ने पेश किया MANAV विज़न
प्रधानमंत्री ने AI के लिए MANAV (मानव) विज़न पेश किया, जिसके आधार पर भारत का फ्यूचर ऑफ वर्क नए अवसर लेकर आएगा:
- M: Moral और Ethical System
- A: Accountable Governance
- N: National Sovereignty
- A: Accessible और Inclusive
- V: Valid और Legitimate
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को AI में भय नहीं बल्कि भाग्य और भविष्य दिखता है। उन्होंने जोर दिया कि भारत के सिक्योर डेटा सेंटर्स और मजबूत IT सिस्टम्स एआई की सफलता सुनिश्चित करते हैं।
समिट की थीम और युवाओं की भागीदारी
पीएम मोदी ने कहा कि समिट की थीम “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” भारत के AI दृष्टिकोण का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि AI को डेमोक्रेटाइज्ड, इंसान-केंद्रित, संवेदनशील और उत्तरदायी बनाया जाना चाहिए। विश्व के 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति और युवा पीढ़ी की भागीदारी इस समिट की सफलता और विश्वास को नई ऊंचाई पर ले जा रही है।
भारत में AI डिजाइन और विकास के लिए आमंत्रण
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत AI में उज्ज्वल भविष्य रखता है और देश के पास प्रतिभा, ऊर्जा और स्पष्ट नीतियां मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि इस समिट में तीन भारतीय कंपनियों ने अपने AI मॉडल और ऐप्स लॉन्च किए हैं, जो युवाओं की प्रतिभा को प्रदर्शित करते हैं। मोदी ने वैश्विक नेताओं को भारत में AI डिजाइन और विकास करने के लिए आमंत्रित किया और इसे मानवता के लिए साझा करने का अवसर बताया।