Delhi Police arrested Fake NIA officer: (नई दिल्ली): दिल्ली पुलिस ने लाल किले के पास खुद को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का अधिकारी बताने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुदस्सिर के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से NIA का फर्जी पहचान पत्र भी बरामद किया है।
ऐसे हुआ खुलासा
18 फरवरी को थाना कोतवाली की पेट्रोलिंग टीम लाल किले के पीछे गश्त कर रही थी। इस दौरान एक काली हुंडई सैंट्रो (रजिस्ट्रेशन नंबर JK01L9913) संदिग्ध हालत में खड़ी दिखाई दी। गाड़ी की जांच करने पर उसमें दो लोग मिले मुदस्सिर और एक नाबालिग लड़का। पूछताछ के दौरान मुदस्सिर ने खुद को NIA अधिकारी बताते हुए पहचान पत्र दिखाया, लेकिन कार्ड पहली नजर में ही संदिग्ध लगा। दोनों को विस्तृत पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
पूछताछ में निकला ठगी का मामला
जांच में सामने आया कि आरोपी कश्मीर में आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को दिल्ली में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पैसे ऐंठता था। पुलिस के अनुसार, उसने नाबालिग के परिवार से नौकरी दिलाने के नाम पर अग्रिम रकम ली थी और 12 फरवरी को उसे कश्मीर से दिल्ली लेकर आया। दोनों जामा मस्जिद इलाके के एक गेस्ट हाउस में ठहरे थे।
जब पुलिस ने नौकरी से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई विश्वसनीय सबूत पेश नहीं कर पाया। बाद में स्पेशल सेल, इंटेलिजेंस ब्यूरो और संबंधित केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त पूछताछ में पुष्टि हुई कि बरामद किया गया NIA का पहचान पत्र पूरी तरह फर्जी है और एजेंसी ने ऐसा कोई कार्ड जारी नहीं किया है।
मामला दर्ज, जांच जारी
दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस तरह की ठगी में और कितने लोग शामिल हो सकते हैं।