नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं। सम्मेलन से पहले सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को परखने के लिए आज यानी 1 सितंबर, 2026 को मोटर कारकेड रिहर्सल किया जा रहा है। इसे लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट कर जानकारी दी है कि आज सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नई दिल्ली इलाके के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा।
इन इलाकों में रहेगा असर
पुलिस के मुताबिक, रिहर्सल के दौरान लुटियंस दिल्ली, सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट, चाणक्यपुरी, इंडिया गेट, कर्तव्य पथ और प्रगति मैदान के आसपास के इलाकों में ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रह सकती है। VVIP मूवमेंट के दौरान कुछ मार्गों को कुछ समय के लिए पूरी तरह बंद भी किया जा सकता है।
यात्रियों के लिए एडवाइजरी
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर निकलें और अतिरिक्त समय लेकर चलें। लोगों को सलाह दी गई है कि वे निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन, खासकर दिल्ली मेट्रो का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें।
पुलिस ने कहा, “यात्रियों से अनुरोध है कि वे डायवर्जन बोर्ड और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का चुनाव करें।”
इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन व आवश्यक सेवा वाले वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में देरी न हो।
गौरतलब है कि BRICS 2026 शिखर सम्मेलन में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका समेत कई नए सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा लेंगे। ऐसे में दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की तैयारियों में जुटी हैं।