उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन पीएम मोदी ने पुलवामा के वीरों को किया नमन, बोले- बलिदान सदैव देगा प्रेरणा

नई दिल्ली जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में वर्ष 2019 में हुए आतंकी हमले की बरसी पर उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने हमले में प्राण न्योछावर करने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ कर्मियों का सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र की स्मृति में सदा अमिट रहेगा और यह एक सशक्त तथा सुरक्षित भारत के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शहीद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा, “2019 में आज ही के दिन पुलवामा में अपनी जान गंवाने वाले बहादुर नायकों को याद करता हूं। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण और अटूट साहस हमारी सामूहिक चेतना में हमेशा अंकित रहेगा। प्रत्येक भारतीय उनके साहस से प्रेरणा लेता है।”

14 फरवरी 2019 को हुआ था हमला

उल्लेखनीय है कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी गाड़ी को सीआरपीएफ के काफिले की बस से टकरा दिया था। इस हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। यह हमला हाल के वर्षों में सुरक्षा बलों पर सबसे घातक हमलों में से एक माना जाता है।

बालाकोट में की गई थी एयर स्ट्राइक

बता दें कि हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर हवाई कार्रवाई की, जिसे बालाकोट एयरस्ट्राइक के नाम से जाना जाता है। पुलवामा हमले की बरसी पर देशभर में शहीदों को याद किया गया और विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *