असम को मिली बड़ी सौगात, पीएम मोदी ने IIM गुवाहाटी और राष्ट्रीय डेटा केंद्र का किया उद्घाटन

PM Modi Assam visit: (गुवाहाटी): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को असम में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) गुवाहाटी की शुरुआत की और पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए एक अत्याधुनिक राष्ट्रीय डेटा केंद्र का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल माध्यम से आईआईएम गुवाहाटी के अस्थायी परिसर का उद्घाटन किया।

इस संस्थान की स्थापना से पूर्वोत्तर क्षेत्र में उच्च एवं प्रबंधन शिक्षा को नया आयाम मिलने की उम्मीद है। केंद्र सरकार ने पिछले वर्ष गुवाहाटी में आईआईएम की स्थापना को मंजूरी दी थी। यह पूर्वोत्तर क्षेत्र का दूसरा और देश का 22वां आईआईएम है। इससे पहले क्षेत्र का पहला आईआईएम शिलांग में स्थापित किया गया था।

डिजिटल अवसंरचना को होगी मजबूती

प्रधानमंत्री मोदी ने कामरूप जिले के आमिंगांव में स्थापित पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए राष्ट्रीय डेटा केंद्र (एनडीसी) का भी डिजिटल माध्यम से लचित घाट से उद्घाटन किया। यह अत्याधुनिक डेटा केंद्र 8.5 मेगावाट की स्वीकृत क्षमता और प्रति रैक औसतन 10 किलोवाट क्षमता से सुसज्जित है। यह केंद्र विभिन्न सरकारी विभागों के महत्वपूर्ण अनुप्रयोगों का संचालन करेगा तथा अन्य राष्ट्रीय डेटा केंद्रों के लिए आपदा पुनर्प्राप्ति केंद्र के रूप में भी कार्य करेगा।

225 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी

पीएम मोदी ने पीएम-ईबस सेवा योजना के तहत 225 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 100 बसें गुवाहाटी के लिए, 50-50 बसें नागपुर और भावनगर के लिए तथा 25 बसें चंडीगढ़ के लिए निर्धारित हैं। इन परियोजनाओं को पूर्वोत्तर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, डिजिटल सेवाओं और हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *