बांग्लादेश चुनाव में बीएनपी की ‘निर्णायक जीत, पीएम मोदी ने तारिक रहमान को दी बधाई

PM Narendra Modi

Pm Modi congratulates Tarique Rahman: नरेन्द्र मोदी ने बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की ‘निर्णायक जीत’ पर पार्टी के नेता तारिक रहमान को हार्दिक बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि यह जीत बांग्लादेश की जनता के विश्वास और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती को दर्शाती है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा, “बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बीएनपी को निर्णायक जीत दिलाने के लिए मैं तारिक रहमान को हार्दिक बधाई देता हूं।” उन्होंने कहा कि रहमान की जीत उनके नेतृत्व में जनता के भरोसे को दर्शाती है।

भारत-बांग्लादेश संबंधों को और मजबूत करने पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के प्रति अपना समर्थन जारी रखेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह दोनों देशों के बहुआयामी संबंधों को और सशक्त बनाने तथा साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए रहमान के साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद द्विपक्षीय संबंधों में नई संभावनाएं खुल सकती हैं। पिछले कुछ वर्षों में भारत और बांग्लादेश के बीच व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और सीमा प्रबंधन के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

अंतरिम प्रशासन की जगह नई सरकार

गौरतलब है कि बांग्लादेश में हाल ही में हुए आम चुनाव में बीएनपी ने स्पष्ट जीत का दावा किया है। चुनाव में विजयी पार्टी अब अंतरिम प्रशासन का स्थान लेकर नई सरकार बनाएगी। यह अंतरिम प्रशासन अगस्त 2024 में अवामी लीग शासन के सत्ता से हटने के बाद देश की बागडोर संभाल रहा था।

बीएनपी की जीत को बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। चुनाव परिणामों के बाद नई नीतियों और प्राथमिकताओं को लेकर देश में चर्चाएं तेज हो गई हैं, वहीं भारत ने सहयोग और साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *