CM सैनी ने 17 जिलों में डे-केयर कैंसर सेंटर का किया उद्घाटन, जानें क्या क्या है सुविधाएं

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को राज्य के 17 जिलों में डे-केयर कैंसर सेंटर का वर्चुअल उद्घाटन किया। इससे पहले ऐसे सेंटर पांच जिलों में पहले ही शुरू किए जा चुके थे, जिससे अब राज्य के कुल 22 जिलों में मरीजों के लिए आधुनिक कैंसर उपचार की सुविधा उपलब्ध हो गई है।

मुख्यमंत्री ने वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में इस पहल की घोषणा की थी, जिसे अब पूर्ण कर दिया गया है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ीं। ये सेंटर कैंसर रोगियों को सुलभ, किफायती और उनके घर के नजदीक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित किए गए हैं।

स्थानीय स्तर पर आधुनिक सुविधाएं

नए डे केयर कैंसर सेंटर्स में मरीजों को कीमोथेरेपी, सपोर्टिव ट्रीटमेंट और परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्थानीय स्तर पर अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता मरीजों को समय और यात्रा की कठिनाइयों से राहत देगी। सैनी ने कहा कि यह पहल मरीजों के जीवन को आसान बनाने और उनके स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

सशक्त हरियाणा, स्वस्थ हरियाणा’ का संकल्प

सीएम नायब सैनी ने बताया कि इन केंद्रों के संचालन से प्रदेश में ‘सशक्त हरियाणा, स्वस्थ हरियाणा’ के संकल्प को धरातल पर लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना, मरीजों के जीवन को बेहतर बनाना और प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को समान रूप से उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

कैंसर मरीजों के लिए राहत

इन केंद्रों के संचालन से कैंसर मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान और समय पर उपचार संभव होगा। इससे न केवल मरीजों को राहत मिलेगी, बल्कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की समग्र गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा से मरीजों का मानसिक और आर्थिक बोझ भी कम होगा।

इस पहल से हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का जाल मजबूत होगा और जिले स्तर पर मरीजों को तुरंत उपचार उपलब्ध होगा। नायब सैनी ने कहा कि ऐसे कदम हरियाणा को स्वस्थ और सशक्त राज्य बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होंगे। राज्य सरकार की कोशिश है कि आने वाले समय में और अधिक जिलों में डे केयर कैंसर सेंटर्स की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *