गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में आयोजित मुख्यमंत्री कप 2026 के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हरियाणा के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
हरियाणा की माटी चैंपियन पैदा करती है
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा की माटी केवल फसल ही नहीं उगाती, बल्कि देश के लिए चैंपियन भी तैयार करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कप 2026 टूर्नामेंट का आज से शुभारंभ हो रहा है, जो प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत करेगा।
राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा का शानदार प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा के 689 खिलाड़ियों ने 33 विभिन्न खेलों में भाग लेते हुए 153 पदक जीतकर प्रदेश को खेलों का पावर हाउस साबित किया है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों को सम्मानित करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और गौरव की बात है।
पदक विजेताओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
सीएम ने घोषणा की कि स्वर्ण पदक विजेता को 7 लाख रुपये रजत पदक विजेता को 5 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेता को 3 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके साथ ही 38वें राष्ट्रीय खेलों के सभी प्रतिभागियों को लगभग 24 करोड़ रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि तीन दिवसीय मुख्यमंत्री कप खेल प्रतियोगिता में 6 खेलों के अंतर्गत 3600 खिलाड़ी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी हर प्रतियोगिता में देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
स्वस्थ युवा विकसित भारत की मजबूत नींव
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। इसी सोच के साथ प्रदेश में खेल बजट को दोगुना किया गया है और राई में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में प्रदेश में खेल सुविधाओं के विकास के लिए 989 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों, उनके परिजनों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।