Public Grievance Hearing: लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित व प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई। बयान के अनुसार, हापुड़ से आए दो सैनिकों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी जमीन पर अवैध कब्जे से संबंधित शिकायत रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रशासन को तत्काल जांच कर उचित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सेवा और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा सरकार 25 करोड़ प्रदेशवासियों की सेवा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने अपराधियों के खिलाफ निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रखने के भी निर्देश दिए। जनता दर्शन’ के दौरान कुछ लोग आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज सहित आवश्यक सहायता के लिए हरसंभव मदद करेगी।
बच्चों से बातचीत, पढ़ाई पर दिया जोर
कार्यक्रम में अभिभावकों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने बातचीत की, उनका हालचाल जाना और पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और मोबाइल फोन से दूर रहने की सलाह दी। जनता दर्शन’ में बिजली, नगर निगम, राजस्व सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए, जिन पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।