माघी पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाया संगम में आस्था की डुबकी, सुरक्षा व्यवस्थाओं का रहा विशेष ध्यान

Maghi Purnima: प्रयागराज: प्रयागराज में आयोजित माघ मेले में रविवार को माघी पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में आस्था की डुबकी लगाई। मेला प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार दोपहर 12 बजे तक करीब 1.50 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया। अधिकारियों ने बताया कि कड़ाके की ठंड के बावजूद शनिवार आधी रात से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था और गंगा स्नान लगातार जारी रहा।

कल्पवासियों का है अंतिम स्नान

जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि पिछले एक महीने से माघ मेले में कल्पवास कर रहे लगभग पांच लाख कल्पवासी रविवार को अंतिम गंगा स्नान कर रहे हैं। उनके परिजन उन्हें घर लौटाने के लिए पहुंचे। सुबह घने कोहरे के बावजूद घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है और स्नान सुचारू रूप से चल रहा है।

SDRF, NDRF और गोताखोर तैनात

अधिकारियों ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें सभी घाटों पर तैनात हैं। नाविक और गोताखोर भी निगरानी में हैं। मेला क्षेत्र में सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है, और अधिकारी भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।

मेला क्षेत्र में सुविधाओं की भरपूर व्यवस्था

त्रिवेणी संगम आरती सेवा समिति के अध्यक्ष आचार्य राजेंद्र मिश्र ने बताया कि माघ मेले में पांच लाख कल्पवासियों का एक माह का आयोजन माघी पूर्णिमा स्नान के साथ समाप्त हो जाएगा। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने बताया कि 800 हेक्टेयर में फैले मेला क्षेत्र को सात सेक्टर में बांटा गया है। 25 हजार से अधिक शौचालय और 3,500 से अधिक सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं।

10 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

माघ मेला पुलिस अधीक्षक नीरज पांडेय ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए पूरे मेला क्षेत्र में 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात हैं। एक लाख से अधिक वाहनों की क्षमता वाले 42 अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। 12,100 फुट लंबे घाटों का निर्माण किया गया है, जिनमें सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रयागराज का माघ मेला श्रद्धालुओं की भारी भीड़, सुरक्षा और सुविधाओं के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में जारी है। आगामी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि स्नान पर्व के साथ माघ मेले का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *