Budget 2026: (नई दिल्ली): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक और दूरदर्शी दस्तावेज करार दिया। सैनी ने कहा कि यह बजट हर वर्ग और क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है और इसमें तीन मुख्य विजन – रफ्तार, क्षमता और सबका साथ स्पष्ट रूप से दिखते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री ने इस जनकल्याणकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2027 के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये का ऐतिहासिक पूंजीगत व्यय और सिटी इकोनामिक रीजन के विकास से हरियाणा जैसे औद्योगिक और इंफ्रास्ट्रक्चर केंद्रित राज्यों को नई उड़ान मिलेगी।
एमएसएमई और टेक्नोलॉजी को बढ़ावा
सीएन सैनी ने कहा कि बजट में एमएसएमई क्षेत्र के लिए 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान हरियाणा के लिए लाभकारी साबित होगा। इसके अलावा, AI और क्वांटम मिशन में निवेश गुरुग्राम को वैश्विक टेक्नोलॉजी हब के रूप में मजबूती प्रदान करेगा।
कृषि और जल संरक्षण पर ध्यान
मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में कृषि क्षेत्र के लिए आवंटन बढ़ाया गया है और डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन पर जोर देकर किसानों की आय बढ़ाने की सकारात्मक पहल की गई है। इसके साथ ही, हरियाणा के लवणीय और जलभराव वाली भूमि के सुधार के लिए केंद्रीय सहायता का प्रावधान किसानों के लिए वरदान साबित होगा।
संरक्षण, रेल और स्वास्थ्य क्षेत्र
सीएम सैनी ने कहा कि बजट में 15 पुरातात्विक स्थलों का विकास करके हरियाणा की ऐतिहासिक धरोहरों जैसे राखीगढ़ी को वैश्विक पहचान मिलेगी। इसके अलावा, देश में बड़े टेक्सटाइल पार्क और हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के निर्माण की योजना भी शामिल है। रक्षा क्षेत्र में बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट, कैंसर रोगियों के लिए 17 दवाओं की सस्ती उपलब्धता और निजी आयात पर शुल्क से छूट जैसी पहलों को भी बजट में शामिल किया गया है।
भारत की आर्थिक दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में एक निर्णायक कदम होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि बजट हरियाणा सहित पूरे देश के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगा।