लखनऊ: SGPGI में PRP थेरेपी से फ्रोजन शोल्डर की मरीज को मिली नई जिंदगी

लखनऊ): संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) के डॉक्टरों ने फ्रोजन शोल्डर की बीमारी से ग्रस्त एक मरीज को प्लेटलेट-रिच प्लाज्मा (PRP) थेरेपी से नई जिंदगी देकर कमाल कर दिया है। आइए जानते हैं कि फ्रोजन शोल्डर की बीमारी है क्या और इसे ठीक करने में PRP थेरेपी कैसे काम करती है।

बता दें कि यूपी के देवरिया जिले की निवासी 51 वर्षीय सुमन पांडे कई महीनों से कंधे और बाजू में तेज दर्द से जूझ रही थीं।उनका हाथ उठाना तक मुश्किल हो गया था। संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) के पेन एंड पैलिएटिव केयर क्लिनिक में इलाज के बाद उन्हें काफी राहत मिली है। अब उनके कंधे की गति में सुधार हुआ है और रोजमर्रा के काम आसानी से कर पा रही हैं।

क्या है फ्रोजन शोल्डर?

सुमन पांडे को फ्रोजन शोल्डर (एडहेसिव कैप्सूलाइटिस) की समस्या थी। इस बीमारी में कंधे के जोड़ में सूजन आ जाती है, जिससे तेज दर्द होता है और हाथ की हलचल सीमित हो जाती है।

PRP थेरेपी से मिला प्रभावी इलाज

सामान्य दवाओं और इलाज से आराम न मिलने पर उन्हें दर्द प्रबंधन के लिए भर्ती किया गया। प्रोफेसर सुजीत गौतम और उनकी टीम ने प्लेटलेट-रिच प्लाज्मा (PRP) थेरेपी दी।एनेस्थीसिया देने का काम प्रोफेसर राजीव कुमार सक्सेना ने किया। पीआरपी फ्रोजन शोल्डर का एक आधुनिक और सुरक्षित उपचार है, जिसमें मरीज के अपने खून से प्लेटलेट्स को अलग कर कंधे के जोड़ में इंजेक्ट किया जाता है। इससे सूजन कम होती है और ऊतकों (टिश्यू) की मरम्मत तेजी से होती है। साथ ही, कंधे के विशेष व्यायाम भी करवाए गए। इलाज के बाद मरीज सुमन पांडे के दर्द में भारी कमी आई और कंधे की मूवमेंट सामान्य होने लगी।

फ्रोजन शोल्डर के मुख्य कारण

यह समस्या अक्सर डायबिटीज के मरीजों में देखी जाती है, लेकिन चोट लगने, लंबे समय तक कंधे का इस्तेमाल न करने या अन्य दर्द संबंधी बीमारियों के बाद भी हो सकती है। SGPGI के दर्द क्लिनिक ने पिछले एक साल में 50 से ज्यादा मरीजों को PRP थेरेपी से सफलतापूर्वक लाभ पहुंचाया है।

विशेषज्ञों की सलाह

दर्द प्रबंधन टीम का कहना है कि उनका क्लिनिक केवल अंतिम विकल्प नहीं, बल्कि वैज्ञानिक और सक्रिय तरीके से दर्द कम करने, गति बहाल करने और जीवन की गुणवत्ता सुधारने पर फोकस करता है।यदि आपको या आपके किसी परिचित को लंबे समय से दर्द है और सामान्य इलाज से राहत नहीं मिल रही, तो SGPGI के दर्द एवं उपशामक चिकित्सा क्लिनिक में संपर्क किया जा सकता है। ओपीडी सेवाएं रोजाना डी ब्लॉक, ग्राउंड फ्लोर, नवीन ओपीडी में उपलब्ध हैं।यह सफल केस दर्शाता है कि आधुनिक थेरेपी जैसे PRP से फ्रोजन शोल्डर जैसी जटिल समस्याओं का भी प्रभावी समाधान संभव है। राजीव कुमार सक्सेना ने बताया कि कैंसर जैसी बीमारी से ग्रस्त मरीजों का भी यहां दर्द कम किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *