Neeraj Chopra meets PM Modi: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी मोर से 7 लोक कल्याण मार्ग पर मुलाकात की। इस अवसर पर खेलों समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। नीरज चोपड़ा ने इस साल की शुरुआत में एक निजी समारोह में हिमानी मोर से परिणय सूत्र में बंधे थे। फिलहाल चोपड़ा किसी प्रतियोगिता में भाग नहीं ले रहे हैं।
साल 2025 मिला-जुला प्रदर्शन
चोपड़ा के लिए यह साल मिला-जुला रहा। उन्होंने दोहा डायमंड लीग में पहली बार 90 मीटर का जादुई आंकड़ा पार किया, लेकिन फिटनेस संबंधी समस्याओं के कारण सितंबर में आयोजित विश्व चैम्पियनशिप में अपने खिताब का बचाव नहीं कर पाए और आठवें स्थान पर रहे। इसके बावजूद उन्होंने बेंगलुरु में आयोजित अपने नाम पर स्थापित भाला फेंक प्रतियोगिता में जीत हासिल की।
नए कोच के साथ तैयारी
नीरज चोपड़ा ने सत्र की शुरुआत में चेक गणराज्य के दिग्गज खिलाड़ी जान जेलेजनी को अपना नया कोच नियुक्त किया। जेलेजनी तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता हैं और भाला फेंक में उनका 98.48 मीटर का विश्व रिकॉर्ड दर्ज है। चोपड़ा का उद्देश्य नए कोच के मार्गदर्शन में अपने प्रदर्शन को और बेहतर करना है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नीरज और हिमानी से खेलों समेत कई मुद्दों पर उनकी अच्छी बातचीत हुई। नीरज की हालिया उपलब्धियों और भविष्य की तैयारी पर दोनों पक्षों ने विचार-विमर्श किया। नीरज चोपड़ा के लिए आने वाले साल में फिटनेस और तकनीकी सुधार मुख्य चुनौती रहेंगे। खेल जगत और प्रशंसकों की निगाहें उनके अगले प्रदर्शन पर टिकी हुई हैं।