PM Modi visit in Guwahati: (गुवाहाटी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को गुवाहाटी स्थित ‘शहीद स्मारक क्षेत्र’ में पहुंचकर असम आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह आंदोलन 1979 से 1985 तक चला एक विदेशी विरोधी आंदोलन था, जिसमें अपने प्राणों की आहुति देने वाले लोगों की स्मृति में यह स्मारक बनाया गया है।
विदेशी विरोधी आंदोलन की स्मृति
असम आंदोलन का उद्देश्य राज्य को अवैध प्रवासियों से मुक्त कराना था। इस छह वर्षीय आंदोलन के दौरान कुल 860 लोग शहीद हुए थे। स्मारक परिसर में स्थापित एक दीपक इन सभी शहीदों की स्मृति में सदैव प्रज्वलित रहता है। इस स्मारक का उद्घाटन इसी महीने की शुरुआत में किया गया था।
दीर्घा का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने शहीदों की याद में निर्मित दीर्घा का भी दौरा किया। इस दीर्घा में आंदोलन के दौरान मारे गए लोगों की आवक्ष प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो असम आंदोलन के बलिदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती हैं। अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने असम आंदोलन के पहले शहीद खड़गेश्वर तालुकदार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। तालुकदार का निधन 10 दिसंबर 1979 को हुआ था और उन्हें आंदोलन का पहला शहीद माना जाता है।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्मारक
करीब 170 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस स्मारक में जलाशय, सभागार, प्रार्थना कक्ष, साइकिल ट्रैक और विशेष ‘साउंड एंड लाइट शो’ की व्यवस्था की गई है। ‘साउंड एंड लाइट शो’ के माध्यम से असम आंदोलन के विभिन्न पहलुओं के साथ-साथ राज्य के इतिहास को भी दर्शाया जाएगा।