UP codeine syrup racket: (लखनऊ): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में अब तक जितने भी लोग पकड़े गए हैं, उनके तार सपा से जुड़े हुए हैं और जांच जारी है।
जांच जारी, SIT कर रही है पड़ताल
विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले विधान भवन में प्रवेश के दौरान बातचीत में मुख्यमंत्री योगी ने कहा,
“हमारी जांच जारी है। अभी तक जितने लोग पकड़े गए हैं, उनके तार समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं। जांच होने दीजिए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।”
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए राज्य स्तरीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है, जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) के अधिकारी शामिल हैं। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध कारोबार से कमाया गया पैसा किन-किन लोगों तक पहुंचा।
अखिलेश यादव पर कसा तंज
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयानों पर पलटवार करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा “उनके बारे में बस इतना ही कहूंगा यही कसूर मैं बार-बार करता रहा, धूल चेहरे पर थी और आईना साफ करता रहा। उन्होंने यह भी कहा कि माफियाओं के साथ उनकी तस्वीरें मौजूद हैं और सच्चाई जांच के बाद सामने आएगी।
एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक विधायक के आकस्मिक निधन के कारण शुक्रवार को विधानसभा में शोक व्यक्त किया जाएगा, जिससे कार्यवाही सीमित रह सकती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि विधान परिषद में सदन के नेता इस मुद्दे पर सरकार का पक्ष रख सकते हैं।