(नई दिल्ली): नितिन नवीन ने सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में पार्टी के नये राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
पटना से दिल्ली पहुंचे नितिन नवीन
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के एक दिन बाद नितिन नवीन सोमवार दोपहर पटना से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। हवाई अड्डे पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।
रविवार को हुई थी नियुक्ति
बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में मंत्री रह चुके नितिन नवीन (45) को रविवार को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। माना जा रहा है कि भविष्य में वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल सकते हैं।
संगठन में मजबूत पकड़
भाजपा नेताओं के अनुसार, पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दिवंगत नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र नितिन नवीन को एक तेज-तर्रार, वैचारिक रूप से दृढ़ और संगठन के प्रति गहरी प्रतिबद्धता रखने वाले नेता के रूप में जाना जाता है। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से भी जुड़े रहे हैं।
लंबा राजनीतिक अनुभव
नितिन नवीन पांच बार विधायक रह चुके हैं और पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह बिहार सरकार में दो बार मंत्री रह चुके हैं। पार्टी नेताओं ने बताया कि बिहार में मंत्री और छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रभारी के रूप में उनका कार्यकाल उल्लेखनीय रहा है, जिससे संगठनात्मक नेतृत्व क्षमता स्पष्ट रूप से सामने आई।