(दुबई): विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित एक उच्च-स्तरीय अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन से इतर यूरोप, ब्रिटेन और मिस्र के अपने समकक्षों से मुलाकात की। यूएई में विश्व के नेता और नीति निर्माता कई अहम भूराजनीतिक और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों पर चर्चा के लिए एकत्र हुए हैं। जयशंकर संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में आयोजित तीन दिवसीय ‘सर बानी यास फोरम 2025’ में भाग लेने पहुंचे थे, जो रविवार को संपन्न हुआ।
यूरोपीय विदेश मंत्रियों के साथ बातचीत
विदेश मंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि लक्जमबर्ग के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री जेवियर बेटेल, पोलैंड के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री रादोस्लाव सिकोरस्की तथा लातविया की विदेश मंत्री बैबा ब्रेजे के साथ मिलकर उन्हें “बहुत अच्छा लगा।”
ब्रिटेन और मिस्र के समकक्षों से भी मुलाकात
जयशंकर ने शिखर सम्मेलन के दौरान ब्रिटेन के उप प्रधानमंत्री डेविड लैमी से भी मुलाकात की। एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा, “सर बानी यास फोरम 2025 के दौरान ब्रिटेन के उप प्रधानमंत्री डेविड लैमी से मिलकर अच्छा लगा।” उन्होंने मिस्र के विदेश मंत्री डॉ. बदर अब्देलट्टी से हुई मुलाकात को लेकर भी कहा कि उनसे मिलकर “अच्छा लगा।”
वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श का मंच
सर बानी यास फोरम एक वार्षिक मंच है, जो क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए वैश्विक नेताओं, मंत्रियों और विशेषज्ञों को एक साथ लाता है।