(लखनऊ): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को बधाई देते हुए रविवार को कहा कि अब सरकार और संगठन मिलकर नई ऊर्जा और तेजी के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुसार काम करेंगे।
मुख्यमंत्री चौधरी को निर्विरोध प्रदेश भाजपा अध्यक्ष घोषित किए जाने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक अनुभवी कार्यकर्ता को पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई का अध्यक्ष बनने का दायित्व मिला है और इसके साथ ही प्रदेश में सरकार और संगठन अब नई गति के साथ प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप कार्य को आगे बढ़ाएंगे।
‘डबल इंजन स्पीड’ से बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर
आदित्यनाथ ने कहा, “आज प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के साथ संगठन पर्व का यह दायित्व उत्तर प्रदेश में अपनी पूर्णाहुति की ओर अग्रसर हो चुका है, लेकिन नए दायित्व हम सबके सामने नई चुनौतियों के साथ खड़े हैं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण और राज्य चुनाव अधिकारी डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले साढ़े आठ वर्षों में जो परिवर्तन हुए हैं, वे प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और ‘डबल इंजन’ सरकार की ‘डबल इंजन स्पीड’ का परिणाम हैं। उन्होंने इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम का नतीजा बताया।
रोजगार, निवेश और विकास कार्यों का किया उल्लेख
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि पिछले साढ़े आठ वर्षों में प्रदेश में पौने नौ लाख युवाओं को बिना किसी भेदभाव के सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं और छह लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत होने जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से जब भी सहयोग मांगा गया, वह पूरी तत्परता से मिला। मुख्यमंत्री ने अयोध्या के राम मंदिर, वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम और मिर्जापुर के मां विंध्यवासिनी देवी धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि तीर्थ स्थलों को वैश्विक मानचित्र पर पुनर्स्थापित करने का कार्य प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है।
2027 में 325 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य
कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 325 से अधिक सीटें जीतने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी गठबंधन की राजनीति का असर खत्म हो चुका है और आने वाले चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित है।