रांची: भारतीय क्रिकेट टीम ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई दमदार 135 रनों की पारी ने उनके सभी आलोचकों का मुंह बंद कर दिया है। इसके साथ ही भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पहले मैच में 17 रनों से शिकस्त दे दी है। विराट की बल्लेबाजी और कुलदीप यादव व हर्षित राणा की घातक गेंदबाजी के सहारे भारत ने पहले वनडे में दक्षिण अफ्रीका को हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरा मैच तीन दिसंबर को रायपुर में खेला जाएगा।
कोहली का दबदबा-52वां वनडे शतक
रांची के जेएससीए स्टेडियम में कोहली ने 120 गेंदों में 11 चौके और 7 छक्कों की मदद से 135 रन बनाकर अपने 52वें वनडे शतक के साथ फिर से साबित किया कि वह इस प्रारूप में भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज हैं। उन्होंने रोहित शर्मा (57) के साथ दूसरे विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी की और भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल ने 60 रन और रवींद्र जडेजा ने 20 गेंदों में 32 रन का तेजतर्रार योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत भारत ने 8 विकेट पर 349 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
दक्षिण अफ्रीका की खराब शुरुआत, देर से मिली लड़ाई
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने मात्र 11 रन पर तीन विकेट खो दिए।
हालांकि मध्यक्रम ने संघर्ष दिखाया
- मैथ्यू ब्रीट्ज़के -72 रन
- मार्को यानसन -70 रन (26 गेंद में अर्धशतक)
- कॉर्बिन बॉश – 67 रन
इन पारियों के बावजूद दक्षिण अफ्रीका 49.2 ओवर में 332 रन पर ऑल आउट हो गयी और मैच 17 रन से हार गया।
भारत की गेंदबाजी-कुलदीप-हर्षित का दबदबा
- कुलदीप यादव – 4/68
- हर्षित राणा – 3/65
- अर्शदीप सिंह – 2 विकेट
- प्रसिद्ध कृष्णा ने अंतिम विकेट लेकर भारत की जीत सुनिश्चित की।
हर्षित राणा ने शुरुआती ओवर में ही रिकेल्टन और डी कॉक को शून्य पर आउट करके अफ्रीका पर दबाव बना दिया, जबकि अर्शदीप ने मारक्रम को पवेलियन भेजा।
रोहित-कोहली की साझेदारी ने गढ़ी नींव
रोहित को बर्गर ने जीवनदान दिया, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाते हुए कई आकर्षक शॉट लगाए। वहीं कोहली शानदार लय में दिखे—शानदार कवर ड्राइव, ऊंचे छक्के और बेहतरीन स्ट्रोक ने रांची की भीड़ को रोमांचित कर दिया।
मैदान में दर्शक का घुसना
कोहली के शतक पूरा करते ही एक प्रशंसक सुरक्षा घेरे को तोड़कर मैदान में घुस आया और उनके पैर छूने लगा। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उसे बाहर ले जाया।
भारत ने दी बड़ी चेतावनी
टेस्ट श्रृंखला 2-0 से जीतने के बाद आत्मविश्वास से भरी अफ्रीकी टीम को इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही झकझोरा। कोहली की शतकीय पारी और गेंदबाजों के सामूहिक प्रदर्शन ने भारत की तैयारी और इरादे साफ कर दिए हैं।