गीता का प्रत्येक श्लोक जीवन के हर सवाल का समाधान, कुरुक्षेत्र में बोले मुख्यमंत्री नायब सैनी

Nayab Singh Saini, CM

कुरुक्षेत्र, केशव पार्कः हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरुवार को कुरुक्षेत्र स्थित केशव पार्क में आयोजित ‘गीता वैश्विक पाठ’ कार्यक्रम में कहा कि आज पूरी दुनिया अनेक चुनौतियों और जटिल समस्याओं से जूझ रही है, ऐसे समय में श्रीमद्भगवद्गीता मानवता को सही मार्ग दिखाने वाली कालजयी ग्रंथ है। उन्होंने कहा कि गीता का प्रत्येक श्लोक ज्ञान, प्रेरणा और कर्म की पूर्णता का प्रतीक है, जो व्यक्ति को जीवन में आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करता है।

गीता सिर्फ एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि एक जीवन दर्शन

मुख्यमंत्री सैनी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गीता सिर्फ एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि एक जीवन दर्शन है जो हर परिस्थिति में मनुष्य को दृढ़ता और स्पष्टता प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि गीता का अध्ययन करने वाला व्यक्ति अपने कर्तव्य पथ पर बिना विचलित हुए आगे बढ़ता है। गीता साहस, संयम और आत्मविश्वास देती है, जो किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए आवश्यक है।

गीता सिखाती है धर्म और कर्तव्य मार्ग पर अडिग रहना

सैनी ने आगे कहा कि जीवन में लाभ और हानि दोनों स्वाभाविक हैं। कोई भी व्यक्ति हमेशा लाभ की ही आशा नहीं कर सकता और न ही हानि से डरकर अपने कर्तव्य का त्याग करना चाहिए। गीता हमें सिखाती है कि परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, मनुष्य को अपने धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर अडिग रहना चाहिए।

नियमित गीता पाठ करने वाले के जीवन में मंगल ही मंगल

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जो व्यक्ति नियमित रूप से गीता का पाठ करता है, उसके जीवन में सदैव मंगल ही मंगल होता है। गीता मनुष्य के भीतर सकारात्मकता, धैर्य और संतुलन को बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि दुनिया आज जिस प्रकार संघर्षों, तनावों और अस्थिरता का सामना कर रही है, ऐसे समय में गीता का संदेश और भी प्रासंगिक हो गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विद्यार्थी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से गीता के श्लोकों का पाठ किया और अध्यात्म तथा संस्कृति से जुड़े इस महत्वपूर्ण आयोजन में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *