नई दिल्ली: संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष चुनावों में मिली हार के बाद संसद को “हताशा निकालने का मंच” बना रहा है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष चाहे, तो वे राजनीति में सकारात्मकता लाने के लिए कुछ सुझाव देने को तैयार हैं।
संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सत्र राजनीतिक रंगमंच नहीं, बल्कि रचनात्मक और परिणामोन्मुखी बहस का केंद्र बने। उन्होंने टिप्पणी की, “कुछ समय से संसद या तो चुनावी तैयारी की जगह बन गई है या फिर हार के बाद हताशा व्यक्त करने का माध्यम हो गया है।”
बिहार चुनावों और विपक्ष की प्रतिक्रिया पर कटाक्ष
प्रधानमंत्री ने हालिया बिहार विधानसभा चुनावों में विपक्ष की हार का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष चुनावी परिणामों को स्वीकार नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा: “हार अवरोध का आधार नहीं बननी चाहिए और जीत भी अहंकार में नहीं बदलनी चाहिए। बिहार में रिकॉर्ड मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। विपक्ष को हार के अवसाद से बाहर निकलकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।”
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 10 वर्षों से विपक्ष जो “खेल” खेल रहा है, अब जनता उसे स्वीकार नहीं कर रही। “उन्हें अपनी रणनीति बदलनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहाकि मैं उन्हें कुछ सुझाव देने को भी तैयार हूं,”
विपक्षी नेताओं के बयानों पर टिप्पणी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कुछ विपक्षी नेताओं के हालिया बयान यह संकेत देते हैं कि वे चुनावी नतीजों को पचा नहीं पा रहे हैं। “एक-दो दल ऐसे हैं जो अपनी हार को स्वीकार नहीं कर पा रहे। उनके कल के बयान दिखाते हैं कि हार ने उन्हें बेहद परेशान किया है।
राज्यसभा के नए सभापति को शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री ने उप राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन को राज्यसभा के सभापति के रूप में अपने पहले सत्र की अध्यक्षता करने के लिए बधाई दी। पूर्व उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य कारणों से पद छोड़ दिया था, जिसके बाद हुए चुनाव में राधाकृष्णन उप राष्ट्रपति चुने गए। राज्यसभा के सभापति के तौर पर यह उनका पहला सत्र है।
शीतकालीन सत्र की शुरुआत
संसद का शीतकालीन सत्र आज, सोमवार से शुरू हुआ है और इसमें 15 बैठकें प्रस्तावित हैं।