PM Modi on Mann Ki Baat: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम में कहा कि भारत के युवाओं की लगन और नवाचार की भावना ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि देश के युवा हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहे हैं और यह भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
नवंबर की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय घटनाओं का उल्लेख
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने नवंबर माह की कई प्रेरणादायक घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने, संसद के सेंट्रल हॉल में आयोजित संविधान दिवस समारोह और अयोध्या में राम मंदिर पर धर्मध्वजा आरोहण को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया।
अंतरिक्ष और तकनीक में तेज़ प्रगति को बताया गर्व का विषय
प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद में दुनिया की सबसे बड़ी लीप इंजन एमआरओ इकाई के उद्घाटन तथा नौसेना में आईएनएस ‘माहे’ के शामिल होने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्काईरूट का इन्फिनिटी कैंपस भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र को नई उड़ान दे रहा है और यह नई सोच व युवा शक्ति का प्रतीक है।
मंगल जैसी परिस्थितियों में ड्रोन उड़ाने की चुनौती
पीएम मोदी ने इसरो द्वारा आयोजित विशेष ड्रोन प्रतियोगिता का जिक्र किया, जिसमें युवाओं ने बिना GPS के ड्रोन उड़ाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कई बार असफल होने के बावजूद युवाओं ने हार नहीं मानी और अंततः सफलता प्राप्त की। यह भारतीय युवाओं की जिजीविषा और नवाचार क्षमता को दर्शाता है।
चंद्रयान-2 की निराशा से चंद्रयान-3 की सफलता तक
प्रधानमंत्री ने याद किया कि चंद्रयान-2 से संपर्क टूटने के बाद वैज्ञानिक कुछ समय के लिए निराश हुए थे, लेकिन उसी दिन उन्होंने चंद्रयान-3 की सफलता की नींव रखनी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग असफलता से जन्मे विश्वास की जीत थी। पीएम मोदी ने कहा कि जब वह देश के युवाओं की ऊर्जा, प्रतिबद्धता और वैज्ञानिकों का समर्पण देखते हैं, तो उनका मन उत्साह से भर जाता है। उन्होंने दोहराया कि भारत के युवाओं की लगन ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।
खेती, खेल और कूटनीति पर भी बात
प्रधानमंत्री ने मधुमक्खी पालन से जुड़े प्रयासों, खेल जगत की उपलब्धियों, 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी मिलने और अपनी दक्षिण अफ्रीका व भूटान यात्राओं के बारे में भी विस्तार से चर्चा की।