(अमरावती): केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को अमरावती में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और बीमा कंपनियों के 15 नए कार्यालयों की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं में कुल 1,328 करोड़ रुपये का निवेश होगा और लगभग 6,541 नए रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
SBI, LIC और नाबार्ड सहित प्रमुख संस्थान शामिल
यहां स्थापित होने वाले वित्तीय संस्थानों में भारतीय स्टेट बैंक (SBI), भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), नाबार्ड और अन्य कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और बीमा कंपनियाँ शामिल हैं। इन कार्यालयों के बन जाने से अमरावती को एक उभरते हुए वित्तीय केंद्र के रूप में गति मिलने की संभावना है।
“अमरावती को वित्तीय समर्थन की आवश्यकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा अमरावती को वित्तीय समर्थन की आवश्यकता है, और इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए यहां 15 वित्तीय संस्थानों की नींव रखी गई है। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और बीमा कंपनियों के एक साथ आने को देश में किसी भी राज्य की राजधानी के लिए ऐतिहासिक कदम करार दिया और सभी संस्थानों के प्रमुखों को एक ही दिन में उपस्थिति के लिए धन्यवाद दिया। सीतारमण ने अमरावती की स्थगित राजधानी परियोजना को दोबारा शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री नायडू के प्रयासों की प्रशंसा की और इसे “कठिनाईयों से भरा ब्रह्म यज्ञ” बताया। उन्होंने इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिले समर्थन का भी उल्लेख किया।
“अमरावती जल्द बनेगी एक सशक्त राजधानी”
वित्त मंत्री ने आगे कहा एक विस्तृत योजना के साथ नई राजधानी का निर्माण कोई साधारण उपलब्धि नहीं है। मुझे विश्वास है कि अमरावती बहुत जल्द आंध्र प्रदेश जैसे समृद्ध राज्य के लिए एक सशक्त और आधुनिक राजधानी के रूप में उभरेगी।”