PM मोदी ने गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस पर किया नमन, कहा- देशवासियों के लिए रहेगा प्रेरणादायक

PM Narendra Modi

(नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर मंगलवार को उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर साझा संदेश में कहा कि गुरु तेग बहादुर का साहस, त्याग और मानवता के प्रति समर्पण हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा। प्रधानमंत्री ने लिखा, “श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर हम उनके अद्वितीय साहस और बलिदान को नमन करते हैं। आस्था और मानवता की रक्षा के लिए उनकी शहादत हमारे समाज को सदैव आलोकित करेगी।”

गुरु तेग बहादुर का जन्म एक अप्रैल 1621 को अमृतसर के गुरु के महल में हुआ था। वे छठे सिख गुरु, गुरु हरगोबिंद के सबसे छोटे पुत्र थे। बचपन से ही उनमें आध्यात्मिक चिंतन, न्यायप्रियता और वीरता के गुण स्पष्ट दिखाई देते थे। बाद में वे नौवें सिख गुरु बने और अपने उपदेशों के माध्यम से लोगों में निडरता, समानता और सेवा की भावना जागृत करते रहे।

धार्मिक स्वतंत्रता के लिए सर्वोच्च बलिदान

उनके समय में मुगल सम्राट औरंगजेब द्वारा धार्मिक कट्टरता बढ़ाई जा रही थी, जिसके कारण कश्मीरी पंडितों सहित कई लोगों को जबरन धर्मांतरण की धमकियों का सामना करना पड़ा। संरक्षण के लिए इन समुदायों ने गुरु तेग बहादुर से सहायता की अपील की। धर्म और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने स्वयं को बलिदान के लिए प्रस्तुत किया।

24 नवंबर 1675 को दिल्ली में औरंगजेब के आदेश पर गुरु तेग बहादुर का सिर कलम कर दिया गया। उनकी शहादत को धार्मिक स्वतंत्रता और न्याय की रक्षा के लिए किए गए सबसे महान बलिदानों में गिना जाता है। दिल्ली स्थित गुरुद्वारा सीस गंज साहिब और गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब आज भी उनके बलिदान की गाथा और साहस को श्रद्धा के साथ स्मरण कराते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *