PM Modi Ayodhya visit: (अयोध्या): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार सुबह अयोध्या पहुंचे, जहां वे श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराने के ऐतिहासिक समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री का विमान अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा, जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। हवाई अड्डे से निकलकर प्रधानमंत्री का काफिला रोडशो के रूप में रामपथ की ओर बढ़ा। सड़क के दोनों ओर खड़े हजारों अयोध्यावासियों ने उन पर फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया। पूरे मार्ग को आकर्षक सजावट से सजाया गया था।
ध्वज फहराने का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, “सप्तपुरियों में श्रेष्ठ श्री अयोध्या धाम में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने बताया कि राम मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराने की रस्म पूर्वाह्न 11:50 बजे के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत की उपस्थिति में संपन्न होगी।
विशेष ध्वज आकार, रंग और प्रतीक
चंपत राय के अनुसार ध्वज भगवा रंग का होगा, जिसका आकार 10 फुट चौड़ा और 20 फुट लंबा होगा तथा इसका आकार तिकोना होगा। इस पर ‘सूर्य’, ‘ओम’ और ‘कोविदार वृक्ष’ के चिह्न अंकित किए गए हैं। उन्होंने कहा यह रंग आग और उगते सूर्य का प्रतीक है जो त्याग और समर्पण की भावना को दर्शाता है। पूरी दुनिया इसे अपने टेलीविज़न और मोबाइल स्क्रीन पर देख सकेगी।”
समारोह में प्रमुख हस्तियाँ होंगी शामिल
ध्वज फहराने की यह महत्वपूर्ण रस्म प्रधानमंत्री मोदी, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और स्वामी गोविंद देव गिरि की मौजूदगी में आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम राम मंदिर निर्माण की दिशा में एक और ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है।