जनता दर्शन में महिला ने मासूम के इलाज की लगाई गुहार, CM योगी ने तुरंत कराई व्यवस्था

CM Yogi Adityanath:(लखनऊ): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन के दौरान लखनऊ की एक मां की गुहार सुनते ही उसके सात माह के बीमार बच्चे के उपचार की तत्काल व्यवस्था कराई। यह जानकारी एक आधिकारिक बयान में दी गई।

एंबुलेंस से तत्काल भेजा गया केजीएमयू

बयान में बताया गया कि लखनऊ के राजेंद्र नगर निवासी एक महिला जनता दर्शन में पहुंची और अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए हृदय रोग से पीड़ित अपने बच्चे के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी। मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को एंबुलेंस के माध्यम से किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) भेजा, जहां बच्चे का उपचार तुरंत शुरू कर दिया गया।

60 से अधिक फरियादी पहुंचे जनता दर्शन

जनता दर्शन में प्रदेशभर से 60 से अधिक लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके पास जाकर समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तय समय में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी दौरान बुलंदशहर निवासी अर्धसैनिक बल का एक जवान भी अपनी जमीन पर कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचा। मुख्यमंत्री ने उसका प्रार्थना पत्र लेते हुए कहा, “आप देश की सीमा और आंतरिक सुरक्षा की सेवा में लगे होंगे। आप अपनी ड्यूटी निभाइए, आपके परिवार की जिम्मेदारी सरकार की है। उन्होंने अधिकारियों को मामले की जांच कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें उठीं

जनता दर्शन में जमीन कब्जा, आर्थिक सहायता, पुलिस, बिजली सहित कई विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज हुईं, जिन पर मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *