राम मंदिर ध्वजारोहण से पहले 80 चार्टर्ड विमानों की व्यवस्था, सीएम योगी कल करेंगे समीक्षा

Ram Mandir Flag Hoisting Preparation: अयोध्या राम मंदिर में 25 नवंबर को होने वाले ध्वजारोहण समारोह से पहले अयोध्या हवाई अड्डे पर सुरक्षा और प्रबंधन संबंधी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई वीवीआईपी के आने की संभावना के चलते लगभग 80 चार्टर्ड विमानों के उतरने की उम्मीद है। अयोध्या नगर के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को मुख्यमंत्री की उपस्थिति में राम जन्मभूमि परिसर में बैठक आयोजित होगी, जिसमें ट्रस्ट पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सख्त

हवाई अड्डा निदेशक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि 40 से 80 चार्टर्ड विमानों के संचालन की तैयारी की गई है। विमानों की पार्किंग आसपास के हवाई अड्डों पर होगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ के 100 अतिरिक्त जवान तैनात किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के लिए विशेष लाउंज और मुख्यमंत्री व राज्यपाल सहित अन्य अतिथियों के लिए छह वीआईपी लाउंज तैयार किए जा रहे हैं।

अतिथियों के लिए कमरे और मेडिकल की है तैयारी

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अधिकारियों ने बताया कि आमंत्रित अतिथियों से 24 नवंबर को अयोध्या पहुंचने का अनुरोध किया गया है। होटलों और टेंट सिटी में 1,600 कमरे उनके लिए आरक्षित किए गए हैं। ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने बताया कि कार्यक्रम का प्रवेश 25 नवंबर को सुबह 7:30 से 9:00 बजे के बीच होगा। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि अयोध्या मेडिकल कॉलेज में 50 बिस्तर आरक्षित किए गए हैं और 24 चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *