महाराजा शूर सैनी जयंती समारोह में शामिल हुए CM सैनी, किया ये बड़ा ऐलान

Maharaja Shur Saini Jayanti: (नालनौल): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को नारनौल की नई अनाज और सब्जी मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय महाराजा शूर सैनी जयंती समारोह में शामिल हुए। समारोह के दौरान उन्होंने रैली स्थल से ही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली, नारनौल के विधायक ओमप्रकाश, महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव, पूर्व मंत्री अभय सिंह यादव और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महाराजा शूर सैनी के जीवन, उनके योगदान और उनकी कीर्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि वे एक प्रतापी, वेदों के ज्ञाता और धर्म के रक्षक राजा थे। सैनी ने कहा कि महाराजा शूर सैनी के राज्य में सम्राज्यवाद और समाजवाद दोनों का संतुलित रूप देखने को मिलता था। उन्होंने बताया कि महाभारत में भी शूर सैनी का उल्लेख मिलता है और उनकी गाथा आज भी समाज में प्रेरणा का स्रोत है। सीएम सैनी ने कहा कि शूर सैनी ने समाज में संस्कार और शिष्टाचार की नींव रखी, जिससे पीढ़ियों को दिशा मिलती रही है।

83.5 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का किया शिलान्यास

नारनौल को विकास की दृष्टि से आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने लगभग 83.5 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार संतों और महापुरुषों के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उनकी जयंती को राज्य स्तर पर मना रही है। उन्होंने कहा कि “एक हरियाणवी, एक भावना” के साथ सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

गरीबों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह संकल्प भविष्य में भी जारी रहेगा। उन्होंने नारनौल में जल भंडारण, हुड्डा सेक्टर के विस्तार, बिजली की पुरानी तारों को बदलने, सड़कों के निर्माण और मरम्मत, कॉलेजों के विकास, महिला कॉलेज की चारदीवारी और उप-स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण जैसे कार्यों को तेज गति से पूरा करने की बात कही। उन्होंने DHBVN का नया सब-डिवीजन बनाने और नगर परिषद के द्वारा शहर के पुराने नलों को कवर करने के काम को भी जल्द आगे बढ़ाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री सैनी ने नारनौल के विकास के लिए अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की और सैनी सभा नारनौल को अपने निजी खाते से 51 लाख रुपये देने का ऐलान किया। समारोह में मंत्री महिपाल ढांडा, रणबीर गंगवा और आरती सिंह राव ने भी 11-11 लाख रुपये देने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *