Delhi Blast: राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास अब से कुछ देर पहले भीषण ब्लास्ट हुआ है। इस ब्लास्ट में कम से कम 9 लोगों की मौत होने की खबर है। जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। अभी कुछ दिन पहले ही पाकिस्तानी आतंकियों ने भारत पर हमले की धमकी दी थी। हालांकि अभी आतंकी हमले की पुष्टि नहीं हुई है।
आरंभिक जानकारी के अनुसार यह ब्लास्ट चांदनी चौक में हुआ। ब्लास्ट के बाद वहां खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई और बाजार में चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। दिल्ली पुलिस और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।
लाल जैन मंदिर और दुकानों के शीशे टूटे
धमाका इतना जबरदस्त था कि लाल जैन मंदिर और उसके आसपास की दुकानों के शीशें भी टूट गए। पूरे इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई।
ईको कार में हुआ ब्लास्ट
बताया जा रहा है कि यह धमाका सोमवार की शाम एक ईको कार में हुआ। जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि यह घटना लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुई। धमाके के तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई, जिससे पास खड़ी गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गई और जलकर स्वाहा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।
एनआई टीम जांच को रवाना
ब्लास्ट की सूचना मिलते ही मौके पर एनआईए की टीमें भी रवाना कर दी गई है। इसके साथ ही चश्मदीदों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। रिपोर्ट्स मुताबिक हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबरें भी सामने आ रही है। देखा जाए तो यह इलाका बेहद भीड़भाड़ वाला है, जहां शाम के समय लोगों की आवाजाही रहती है। फिलहाल अभी तक धमाके के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है और प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाई हुई है और सभी पहलुओं से जांच जारी है।