हरियाणा में वोट चोरी के राहुल गांधी के आरोपों को BJP ने बताया झूठा और निराधार, किया तगड़ा पलटवार

Kiren Rijiju: (नई दिल्ली): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर वोट चोरी के आरोप को बुधवार को खारिज करते हुए इसे “झूठा और निराधार” करार दिया। पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अपनी हार को छिपाने और देश के लोकतंत्र को बदनाम करने के लिए निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।

क्या था पूरा मामला

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले साल हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में 25 लाख फर्जी मतों के जरिए चुनाव “चोरी” किए जाने का दावा किया। गांधी ने कहा, “मैं जो कह रहा हूं वह सौ फीसदी सच है। एक पूरे राज्य (के चुनाव) को चुरा लिया गया।”

भाजपा का जवाब आरोप निराधार और झूठे

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने संवाददाता सम्मेलन में राहुल गांधी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह दावा केवल देश को बदनाम करने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चुनाव के दौरान विदेश जाते हैं, जमीनी स्तर पर लोगों से नहीं मिलते और अपनी पार्टी की हार होने पर चुनावी धांधली की बात करते हैं।

भारत विरोधी ताकतों के साथ मिलकर खेल रहे हैं खेल

केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी “भारत विरोधी” ताकतों के साथ मिलकर खेल खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांधी न तो कड़ी मेहनत कर सकते हैं और न ही लोगों के बीच रह सकते हैं।

निर्वाचन आयोग और अदालत का सुझाव

रीजीजू ने यह भी कहा कि यदि मतदान में कोई अनियमितता होती है, तो इसकी सूचना सीधे निर्वाचन आयोग को दी जानी चाहिए या संबंधित अदालत का दरवाजा खटखटाना चाहिए। उन्होंने कहा, “लेकिन राहुल गांधी ऐसा कभी नहीं करते। वे केवल आरोप लगाते हैं और राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *