न्यूयॉर्क:भारतीय मूल के युवा नेता जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव में शानदार जीत हासिल कर इतिहास रच दिया है। 34 वर्षीय ममदानी ने अपने जोशीले विजयी भाषण में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को आव्रजन नीति पर खुली चुनौती दी है। ममदानी ने ट्रंप को ललकारते हुए ‘राजनीतिक वंशवाद’ को जड़ से उखाड़ फेंकने का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के प्रसिद्ध शब्दों का हवाला देकर कहा कि शहर अब ‘पुराने से नए युग’ की ओर अग्रसर है।
अमेरिका के पहले मुस्लिम मेयर बने ममदानी
ममदानी ने अपनी जीत को अत्याचार और ‘मुनाफाखोरी’ के खिलाफ उम्मीद का प्रतीक बताया। ममदानी ने मंगलवार को रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे पूर्व न्यूयॉर्क गवर्नर एंड्रयू कुओमो को करारी शिकस्त दी। कुओमो को चुनाव से ठीक पहले ट्रंप का समर्थन मिला था, लेकिन ममदानी की लहर रुक न सकी। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मीरा नायर और कोलंबिया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर महमूद ममदानी के बेटे ममदानी का जन्म युगांडा में हुआ था। इस जीत के साथ वे अमेरिका के सबसे बड़े शहर के पहले दक्षिण एशियाई और मुस्लिम मेयर बन गए।
ममदानी ने जीत को बताया बदलाव का जनादेश
ब्रुकलिन में समर्थकों के बीच ममदानी ने धमाकेदार भाषण दिया। उन्होंने इस जीत को’वंशवाद का अंत, नई राजनीति की शुरुआत’ बताया। आधी रात के करीब डाउनटाउन ब्रुकलिन के मशहूर संगीत स्थल ‘ब्रुकलिन पैरामाउंट’ में हजारों समर्थकों के जश्न के बीच ममदानी ने करीब 25 मिनट का भाषण दिया। तालियों की गड़गड़ाहट और नारों के बीच उन्होंने चिल्लाया, ”भविष्य हमारे हाथों में है। दोस्तों, हमने एक राजनीतिक वंश को उखाड़ फेंका है। न्यूयॉर्क, आज रात आपने कर दिखाया! यह बदलाव का जनादेश है! एक नयी तरह की राजनीति का जनादेश! एक ऐसे शहर का जनादेश, जहां रहने का खर्चा हम वहन कर सकते हैं… और एक ऐसी सरकार का जनादेश जो बिल्कुल यही करती है।”
पंडित नेहरू को किया याद
ममदानी ने नेहरू के शब्दों को उद्धृत करते हुए शहर की राजनीति में नए दौर की शुरुआत का ऐलान किया। उन्होंने कहा, ”आपके सामने खड़े होकर मुझे जवाहरलाल नेहरू के शब्द याद आते हैं…इतिहास में कभी-कभी ऐसा क्षण आता है जब हम पुराने से नए युग में कदम रखते हैं, जब एक युग समाप्त होता है और जब किसी राष्ट्र की लंबे समय से दबाई गई आत्मा को अभिव्यक्ति मिलती है। आज रात, हमने पुराने से नए युग में कदम रख लिया है। तो आइए अब हम स्पष्टता और दृढ़ विश्वास के साथ इस बारे में बात करें कि यह नया युग क्या लाएगा और किसके लिए लाएगा।”
ट्रंप को ललकारा
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में आव्रजन पर सख्ती बढ़ाने के बीच ममदानी ने कहा कि न्यूयॉर्क आव्रजकों द्वारा चलाया जाएगा और अब इसका नेतृत्व भी एक आव्रजक द्वारा होगा। उन्होंने अपनी जीत को दबे-कुचले वर्गों के लिए उम्मीद की मशाल बताया। भाषण बॉलीवुड फिल्म ‘धूम’ के हिट गाने ‘धूम मचाले’ के संगीतमय समापन पर खत्म हुआ। ममदानी ने अपने माता-पिता और पत्नी रमा दुवाजी का भावुक जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”मेरे मां और बाबा: आज मैं जो कुछ हूं, आपकी वजह से हूं। मुझे आपका बेटा होने पर बहुत गर्व है। और मेरी अद्भुत पत्नी रमा, मेरी जिंदगी: इस पल और हर पल, आपके सिवा मैं किसी और को अपने साथ नहीं देखना चाहता।”