Amit Shah on Bihar elections 2025: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को बिहार में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव अपने बेटे तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री और सोनिया गांधी अपने बेटे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं, लेकिन ये दोनों पद रिक्त नहीं हैं।
विपक्ष पर कड़ा हमला
दरभंगा में आयोजित रैली में शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस बार कई युवा उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जबकि राजद और कांग्रेस ऐसा नहीं कर सके क्योंकि “लालू जी बेटे को और सोनिया जी राहुल बाबा को शीर्ष पद पर बैठाना चाहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद चारा, बिटुमेन और जमीन के बदले नौकरी घोटाले में लिप्त रहे हैं, जबकि कांग्रेस पर 12 लाख करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं।
शाह ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि अगर राजद-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनी, तो क्या प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के गिरफ्तार सदस्यों को जेल में रखा जाएगा? उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने ही पीएफआई पर प्रतिबंध लगाया और देशभर में तलाशी अभियान चलाकर उसके सदस्यों को जेल भेजा।
‘जंगल राज की वापसी रोकने का चुनाव’
समस्तीपुर में दूसरी रैली के दौरान शाह ने कहा कि बिहार चुनाव “जंगल राज की वापसी रोकने” का चुनाव है। उन्होंने कहा कि राजग “पांच पांडवों की तरह मजबूत गठबंधन” है और इस बार ऐतिहासिक जीत दर्ज की जाएगी। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देकर सम्मानित किया, जबकि कांग्रेस का चेहरा बिहार की जनता पहले ही देख चुकी है, जिसने बाबू जगजीवन राम को प्रधानमंत्री बनने से रोका था।
‘लालू-राबड़ी शासन में नहीं हुआ विकास ’
शाह ने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद और राबड़ी देवी के शासनकाल में बिहार के विकास के लिए कुछ नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन राज्य के विकास और युवाओं के कल्याण के बारे में सोच ही नहीं सकता।
राजग सरकार की उपलब्धियां
गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि राजग सरकार बिहार के 8.52 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, और मखाना बोर्ड की स्थापना जैसी योजनाओं से लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि दरभंगा में मेट्रो रेल की सुविधा जल्द शुरू होगी, हवाईअड्डा बन चुका है, और एम्स का निर्माण जारी है।
मिथिला क्षेत्र में सांस्कृतिक परियोजनाएं
शाह ने कहा कि मिथिला में माता सीता का मंदिर बनाया जा रहा है, और उनके भ्रमण स्थलों को राम सर्किट से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि मैथिली को आधिकारिक भाषा का दर्जा दिया गया है, संविधान का मैथिली अनुवाद किया गया है, और क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये की लागत से पांडुलिपि संरक्षण केंद्र बनाया जा रहा है।