दिल्ली सरकार इस साल छठ पूजा समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध: मंत्री कपिल मिश्रा

Delhi Chhath Puja: दिल्ली के कला, संस्कृति और भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने शनिवार को शहर भर के छठ घाटों का निरीक्षण किया और कहा कि सभी आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय विधायक राज करण खत्री के साथ नरेला छठ घाट का दौरा किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करें।

दिल्ली भर में 17 प्रमुख घाटों समेत कुल 1300 छठपूजा घाट हुए तैयार

मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार इस वर्ष की छठ पूजा को “ऐतिहासिक और भव्य” बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके लिए यमुना के किनारे 17 प्रमुख घाटों सहित शहर भर में 1,300 से अधिक घाटों पर व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पानी की आपूर्ति, टेंट और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के छठी मैया को अर्घ्य दे सकें।

टीमें 24 घंटे कर रहीं काम

बयान में कहा गया है कि निरीक्षण के दौरान, मिश्रा ने अधिकारियों, स्थानीय प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों और विभिन्न समितियों के सदस्यों के साथ बातचीत की और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्सव को सुचारु रूप से मानने के लिए सभी टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं।मंत्री ने कहा, “कई वर्षों तक, पूर्वांचल समुदाय के लोगों को यमुना किनारे छठ पूजा करने की अनुमति नहीं थी, जो उनकी आस्था के साथ अन्याय था।”

सीएम रेखा गुप्ता का है सख्त निर्देश

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने राजधानी के हर हिस्से में छठ समारोहों के लिए व्यवस्थाएं की हैं। मिश्रा ने कहा कि नरेला, त्रिलोकपुरी, सोनिया विहार, कालिंदी कुंज और वासुदेव घाट सहित प्रमुख घाटों पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उन्होंने कहा, “छठ सिर्फ एक धार्मिक त्योहार नहीं है, बल्कि आस्था, एकता और संस्कृति का उत्सव है। यह अब केवल पूर्वांचल समुदाय के लिए नहीं, बल्कि सभी दिल्लीवासियों के लिए एक त्योहार बन गया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *