छठ पर्व पर दिल्ली सरकार की बड़ी तैयारी, राजधानी में बनेंगे 1500 पूजा घाट

Chhath Puja Delhi 2025: (नई दिल्ली): दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बुधवार को बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में करीब 1,500 घाटों पर छठ पूजा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह फैसला मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार के उस चुनावी वादे को पूरा करने के तहत लिया गया है, जिसमें हर वार्ड और इलाके में छठ पूजा की सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा किया गया था।

प्राकृतिक और कृत्रिम घाटों की व्यवस्था

सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में इस बार 23 बड़े प्राकृतिक घाट यमुना नदी के किनारे विकसित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही, लगभग 1,300 कृत्रिम घाट राजधानी के विभिन्न इलाकों में बनाए जाएंगे, ताकि पूर्वांचली समुदाय के लोग अपने नजदीकी क्षेत्रों में ही छठ पर्व मना सकें। इसके अतिरिक्त, 200 अन्य स्थलों को भी पूजा के लिए चिन्हित किया गया है।

AAP सरकार पर साधा निशाना

भाजपा नेता ने इस मौके पर पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार ने यमुना किनारे छठ पूजा पर “अनैतिक प्रतिबंध” लगाए थे। उन्होंने कहा हमने न केवल यमुना के प्रदूषण की स्थिति को उजागर किया, बल्कि अरविंद केजरीवाल की निष्क्रियता को भी जनता के सामने रखा। छठी मैया की कृपा से अब दिल्ली में भाजपा की सरकार है, जो आस्था का सम्मान करती है।”

साफ-सफाई और निगरानी की व्यवस्था

छठ पूजा के दौरान स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा ने विशेष तैयारियां की हैं। सचदेवा ने बताया कि दिल्ली के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह की निगरानी में स्वच्छता का कार्य होगा, लेकिन इसे केवल नगर निगम पर नहीं छोड़ा जाएगा। भाजपा का पूर्वांचल मोर्चा, अध्यक्ष संतोष ओझा के नेतृत्व में, सभी घाटों पर साफ-सफाई अभियान चलाएगा। उन्होंने कहा कि यह सामूहिक प्रयास होगा जिसमें कार्यकर्ता भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। घाटों पर व्यवस्थाओं की निगरानी और कार्यक्रमों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए भाजपा के सांसद, विधायक, पार्षद, और वरिष्ठ नेता घाटों का दौरा करेंगे। पार्टी का दावा है कि यह अब तक का सबसे व्यवस्थित और भव्य छठ पूजा आयोजन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *