नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें दिवाली की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता और भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री का सान्निध्य और आशीर्वाद, दिल्ली की सेवा में नई ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री के समय और मार्गदर्शन के लिए हृदय से आभार प्रकट किया।
मुख्यमंत्री के पति और बच्चे भी पीएम से मिले
इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री रेखा के साथ उनके पति और बच्चे भी उपस्थित थे। एक अन्य पोस्ट में गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में यमुना को स्वच्छ, स्वस्थ और अविरल बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, “हर दिन, हर प्रयास इसी संकल्प का हिस्सा है कि यमुना की निर्मल धारा पुनः अपने जीवनदायिनी स्वरूप में लौटे।”