PM Modi on INS Vikrant: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को आईएनएस विक्रांत पर तैनात नौसेना कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की नौसेना के खौफ, वायुसेना के कौशल, थल सेना की वीरता और तीनों सेनाओं के असाधारण समन्वय ने पाकिस्तान को कुछ ही समय में घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। मोदी ने कहा, “आईएनएस विक्रांत का नाम ही दुश्मन के दुस्साहस को समाप्त कर देता है।
INS ने उड़ा दी थी पाकिस्तान की नींद
पीएम मोदी ने गोवा में कहा कि कुछ महीने पहले, इस युद्धपोत ने पाकिस्तान की रातों की नींद उड़ा दी थी।” प्रधानमंत्री ने रविवार रात आईएनएस विक्रांत पर बिताई और मिग-29के लड़ाकू विमानों के अभ्यास को देखा। उन्होंने डेक पर योग सत्र में भाग लिया और युद्धपोतों की स्टीम पास्ट तथा विमानों के फ्लाईपास्ट को भी देखा। उन्होंने कहा कि अब भारत की सेनाएं आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रही हैं और ब्रह्मोस तथा आकाश जैसी मिसाइलों की क्षमता विश्वभर में सिद्ध हो चुकी है। भारत अब शीर्ष रक्षा निर्यातकों की सूची में शामिल होने की ओर अग्रसर है।
सेना की ताकत में जबरदस्त इजाफा
मोदी ने बताया कि 2014 से अब तक 40 से अधिक स्वदेशी युद्धपोत नौसेना को सौंपे गए हैं। भारत का रक्षा उत्पादन पिछले 11 वर्षों में तीन गुना बढ़कर 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। भारत अब अपनी आवश्यक रक्षा वस्तुओं का अधिकांश उत्पादन घरेलू स्तर पर कर रहा है।
INS 21वीं सदी के भारत की ताकत का प्रतीक
पीएम मोदी ने कहा कि आईएनएस विक्रांत को “21वीं सदी के भारत की ताकत, प्रतिभा और प्रतिबद्धता” का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि जब यह स्वदेशी विमानवाहक पोत नौसेना में शामिल हुआ, उसी दिन भारतीय नौसेना ने औपनिवेशिक विरासत के एक प्रमुख प्रतीक को त्याग दिया और छत्रपति शिवाजी से प्रेरणा लेकर नया नौसेना ध्वज अपनाया। प्रधानमंत्री ने कहा, “मेरी दिवाली आप सभी की वजह से खास रही। जब आपने ऑपरेशन सिंदूर पर गीत गाए, वह भावना शब्दों में नहीं बयां की जा सकती।”