प्रधानमंत्री मोदी ने त्योहारों में स्वदेशी उत्पाद खरीदने का आग्रह किया, राष्ट्रपति ने दी दीवाली की शुभकामनाएं

PM Narendra Modi

Diwali: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने त्योहारों पर देश के लोगों से स्वदेशी सामान खरीदने का आग्रह किया। उन्होंने रविवार को नागरिकों से स्वदेशी उत्पाद खरीदकर और 140 करोड़ भारतीयों की कड़ी मेहनत का जश्न मनाकर त्योहार मनाने का आग्रह किया। इस दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को दीवाली की शुभकामनाएं दीं।

पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आइए इस त्योहारी मौसम को 140 करोड़ भारतीयों की कड़ी मेहनत, रचनात्मकता और नवाचार का जश्न मनाकर मनाएं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आइए, हम भारतीय उत्पाद खरीदें और कहें – गर्व से कहो यह स्वदेशी है।’’ उन्होंने नागरिकों से यह आग्रह भी किया कि वे त्योहारों के मौसम में अपनी खरीदारी सोशल मीडिया पर साझा करें। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आपने जो भी खरीदा है, उसे सोशल मीडिया पर भी साझा करें। इस तरह आप दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करेंगे।

राष्ट्रपति ने सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल दीवाली मनाने की अपील की

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को दिवाली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और सभी से सुरक्षित, जिम्मेदारीपूर्ण और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने का आह्वान किया। मुर्मू ने कहा कि यह त्योहार वंचितों और जरूरतमंदों की मदद करने और उनके जीवन में खुशियां लाने का भी अवसर है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भारत के सबसे लोकप्रिय त्योहारों में से एक दिवाली बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाई जाती है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘‘यह त्योहार अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘‘मैं सभी से सुरक्षित, जिम्मेदारीपूर्वक और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से दिवाली मनाने का आग्रह करती हूं। यह दिवाली सभी के लिए खुशी, शांति और समृद्धि लाए।’’ उन्होंने भारत और दुनिया भर में सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *