शिमला: दिवाली के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं है। इसके साथ ही लोगों के सुख, समृद्धि, शांति व खुशहाली की कामना की।
राज्यपाल शुक्ला ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली केवल दीपों का उत्सव नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई, अंधकार पर प्रकाश और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “इस दिन जलाए गए दीपक न केवल घरों को रोशन करते हैं, बल्कि जीवन के शाश्वत सत्य और नैतिक मूल्यों को भी पुनः जागृत करते हैं।”
सीएम सुक्खू ने दिया सद्भावना का संदेश
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि दिवाली का पर्व समाज को धार्मिकता और सामूहिक सद्भावना के प्रकाश से आलोकित करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से शांति, एकता और आपसी सम्मान के साथ त्योहार मनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने सभी को खुशी, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द की शुभकामनाएं दीं और कहा कि सभी नागरिक मिलकर एक प्रगतिशील व समृद्ध हिमाचल प्रदेश के निर्माण में योगदान दें।
भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार
उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने कहा कि दिवाली प्रेम, करुणा और भाईचारे का संदेश लेकर आती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे यह पर्व एकजुटता और साझा उत्सव की भावना के साथ मनाएं, ताकि हर घर और जीवन में खुशी और आशा का दीपक जल सके। राज्य के शीर्ष नेताओं ने एक स्वर में प्रदेशवासियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।